जमशेदपुर: शहर में चापड़ से हमले की घटनाएं अब लगातार बढ़ती जा रही हैं और यह अपराध का नया ट्रेंड बनता दिख रहा है. आए दिन शहर के अलग- अलग इलाकों में चापड़ से हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है.

ताजा मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर का है, जहां मंगलवार देर शाम कैरम खेल रहे दो युवकों पर अचानक चापड़ से हमला कर दिया गया. हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान नंदू लोहार और सनी पुष्टि के रूप में हुई है. घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामनवमी के दौरान भुईयांडीह के रहने वाले सुरु भुइया और करण भुईयां के साथ इन युवकों का विवाद हुआ था. इसी विवाद का बदला लेने के लिए मंगलवार को छाया नगर में कैरम खेलते समय दोनों पर हमला किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. शहर में लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाओं ने कानून- व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.

