सरायकेला/ Pramod Singh जिले के गम्हरिया प्रखंड के बोलाईडीह में पीडीएस डीलर प्रदीप ठाकुर पर सरकारी अनाज के कालाबाजारी और भ्रष्टाचार का आरोप गहराता जा रहा है. गरीबों के हक का अनाज डकारने और विभागीय मिलीभगत से क्लीन चिट पाने का यह मामला प्रशासन की नाकामी की खुली मिसाल बन गया है.



उपभोक्ताओं का कहना है कि तीन महीने से प्रदीप ठाकुर ने कार्डधारियों को पूरा राशन नहीं दिया है. जुलाई में मात्र 43.44 प्रतिशत, अगस्त में 46 प्रतिशत और सितंबर में अब तक सिर्फ 60 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हुआ है, जबकि विभागीय गोदाम से उन्होंने शत-प्रतिशत अनाज का उठाव कर लिया है. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनका अंगूठा लगवा लिया जाता है मगर अनाज नहीं दिया जाता. दुकान अक्सर बंद रहती है और गरीब उपभोक्ता भटकते रहते हैं.

सूत्र बताते हैं कि सितंबर के 40 प्रतिशत खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई है. ई-पॉस मशीन खराब और तबीयत बिगड़ने का बहाना बनाकर डीलर जांच से बच रहे हैं. इससे भी बड़ा सवाल यह है कि जब पूर्व प्रभारी एमओ कुमार अरविंद बेदिया ने गड़बड़ियां पकड़ लीं, शो कॉज दिया, तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई ? अंदरखाने की चर्चा है कि डीलर की ऊंची पहुंच के कारण हर स्तर पर मामला दबा दिया गया.
पूर्व जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा ने भी निरीक्षण में अनियमितताएं पाई थीं लेकिन बाद में सबकुछ मैनेज कर लिया गया. वर्तमान अंचल अधिकारी सह एमओ ने भी इस पर संज्ञान लिया मगर कार्रवाई कागजों तक सीमित है. भ्रष्टाचार के इस खेल ने गरीब उपभोक्ताओं को उनके हक से वंचित कर दिया है और प्रशासन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गरीबों का अनाज डकारने वाले इस नेटवर्क पर कब गिरेगी गाज और कब रुकेगा भ्रष्टाचार का यह खेल !

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।




