गम्हरिया: नगर निकाय चुनाव के विरोध में विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा आहूत तीन दिवसीय कोल्हान बंद का पहला दिन गम्हरिया में पूरी तरह बेअसर साबित हुआ. बंद के आह्वान के बावजूद क्षेत्र में बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे. आम जनजीवन पर किसी प्रकार का विशेष प्रभाव नहीं देखा गया.

शनिवार सुबह से ही गम्हरिया, कांड्रा, कोलाबीरा तथा औद्योगिक क्षेत्र में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल बनी रही. लोगों की आवाजाही नियमित रूप से जारी रही. यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य रही. बसें, ऑटो और अन्य छोटे-बड़े वाहन निर्धारित समय पर संचालित होते रहे, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा.
बंद को लेकर प्रशासन भी सतर्क रहा, हालांकि कहीं से किसी अप्रिय घटना या जबरन बंद कराने की सूचना नहीं मिली. कुल मिलाकर बंद का असर क्षेत्र में नगण्य रहा और जनजीवन सामान्य बना रहा.

