सरायकेला: गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. गृहस्वामी संतोष कुमार सिंह ने घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 28 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत गम्हरिया थाना में दर्ज कराई है.


संतोष कुमार सिंह ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया है कि 8 सितंबर की रात करीब 8 बजे वे अपने पूरे परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे. रात अधिक हो जाने के कारण परिवार वापस घर नहीं लौट सका.
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे जब संतोष कुमार सिंह अपने घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त और अलमारी खुली हुई मिली. इसके बाद घर में रखे कीमती सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला.
पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है. इसके अलावा करीब 28 हजार रुपये नकद भी गायब मिले.
घटना के बाद संतोष कुमार सिंह ने गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच, चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी तथा वारदात में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और चोरों को घर में बड़ी मात्रा में जेवरात रखे होने की जानकारी पहले से थी या उन्होंने संयोगवश बंद घर को निशाना बनाया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

