गम्हरिया: दिशोम जाहेरथान कालिकापुर टायो गेट के सदस्यों की एक अहम बैठक सोमवार को दिशोम माझी मंगल सिंह टुडू की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में तीन दिवसीय बाहा पर्व को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा विधि और जुलूस की रूपरेखा पर विचार- विमर्श किया गया.

बैठक में दिशोम नायके पायतो माझी ने जानकारी देते हुए बताया कि बाहा पर्व की शुरुआत 28 फरवरी को जाहेरथान के शुद्धिकरण अनुष्ठान से की जाएगी. इसके बाद एक मार्च को विधिवत पूजा- अर्चना संपन्न होगी. वहीं दो मार्च को परंपरागत सेंदरा जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि बाहा पर्व आदिवासी समाज की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे पूरे विधि- विधान और उत्साह के साथ मनाया जाएगा.
बैठक में सानो माझी, मोहन टुडू, छुटू सोरेन, लक्ष्मण मार्डी, शिकार टुडू, त्रिभुवन बेसरा, विक्की हेंब्रम, लाल टुडू, मंगल सोरेन सहित कई सदस्य मौजूद थे.

