सरायकेला: जिले में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक लोगों की सुविधा के लिए जिला परिवहन विभाग प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करेगा. प्रथम चरण में जिले के नौ प्रखंडों में शिविर की तारीख निर्धारित की गई है. इसकी शुरुआत 18 सितंबर को चांडिल प्रखंड कार्यालय से होगी, जबकि अंतिम शिविर 11 दिसंबर को गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में आयोजित होगा.


जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आम सूचना के अनुसार ऐसे आवेदक, जो पहले लर्नर लाइसेंस प्राप्त कर चुके हैं और अब स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस लेना चाहते हैं, वे परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित प्रखंड स्तरीय शिविर के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं.
आवेदकों को स्लॉट में निर्धारित तिथि और समय पर आवेदन की हार्ड कॉपी के साथ शिविर स्थल पर पहुंचना होगा. ड्राइविंग टेस्ट के लिए आवेदन में दर्ज वाहन की श्रेणी के अनुसार वाहन भी स्वयं उपलब्ध कराना होगा. दोपहिया वाहन के लिए MCWG/MCWOG श्रेणी के अनुरूप वाहन और हेलमेट तथा चार पहिया वाहन के लिए LMV के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
इस दिन इन प्रखंडों में लगेगा शिविर
चांडिल में 18 सितंबर, ईचागढ़ में 25 सितंबर, कुकड़ू में 9 अक्टूबर, नीमडीह में 23 अक्टूबर, सरायकेला में 30 अक्टूबर, राजनगर में 20 नवंबर, खरसावां में 27 नवंबर, कुचाई में 4 दिसंबर और गम्हरिया में 11 दिसंबर 2026 को संबंधित प्रखंड कार्यालय में शिविर आयोजित किए जाएंगे.
विभाग ने प्रत्येक प्रखंड के अंतर्गत आने वाली पंचायतों को भी संबंधित शिविर से जोड़ा है. चांडिल की 17, ईचागढ़ की 14, कुकड़ू की 9, नीमडीह की 13, सरायकेला की 14, राजनगर की 21, खरसावां की 13, कुचाई की 10 और गम्हरिया की 21 पंचायतों के आवेदक निर्धारित तिथि पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.
शिविर के संचालन के लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से मोटरयान निरीक्षकों, प्रधान लिपिक, कंप्यूटर चालकों एवं अन्य कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है. विभाग का उद्देश्य प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराकर आवेदकों के लिए लाइसेंस प्रक्रिया को सुगम बनाना है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

