धनबाद: साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित द होटल कैसल में छापेमारी कर नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 5 लाख 80 हजार 700 रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, 23 अलग- अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, एक एप्पल आईपैड और एक डेल लैपटॉप जब्त किया है.

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने होटल के एक कमरे में छापेमारी की. इस दौरान नौ युवक संदिग्ध अवस्था में लैपटॉप और मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए.
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार साइबर अपराधी फर्जी बैंक खातों और @superpay, @moonpay, @dragonpay तथा @acpay जैसे एपीके फाइलों का उपयोग करते थे. ये एप्स बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े ओटीपी को ऑटो- फॉरवर्ड कर देती थीं, जिससे अपराधी आसानी से ठगी की रकम पर नियंत्रण कर लेते थे.
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि ठगी से प्राप्त रकम को USDT क्रिप्टो करेंसी में बदलकर हवाला नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न ठिकानों पर भेजा जाता था. हवाला के जरिए यह पैसा अलग-अलग डमी खातों में ट्रांसफर कर स्थानीय एजेंटों की मदद से नकद में निकाला जाता था. पुलिस अब इन एजेंटों और नेटवर्क की पहचान में जुटी है.
बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच में कई ऐसे बैंक खातों और एटीएम कार्डों के फोटो मिले हैं जिन पर पहले से NCRP और JMIS पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों में धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुमार विशाल सिंह (पाथलडीह, धनबाद), अर्नव कुमार रॉय (हावड़ा, पश्चिम बंगाल), सुमित कुमार (पाथलडीह), रिजवान खान (चास, बोकारो), राहुल कुमार रॉय (स्वारडीह, धनबाद), विशाल कुमार (नोनिया पट्टी, धनबाद), मोहम्मद आसिफ (सुल्तान नगर, बोकारो), मोहम्मद मोबस्सिर आलम (कमरमकदुमी रोड, धनबाद) और राजकुमार सिंह (कैलाश नगर, बोकारो) के रूप में हुई है.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर हवाला नेटवर्क और साइबर ठगी की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया जाएगा.

