आदित्यपुर: डीएवी एनआईटी के शैक्षणिक सत्र 2025- 26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने के लिए विद्यालय में गुरुवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने टॉपर्स को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज ने दीप प्रज्वलित कर किया. अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और उन्हें नकारात्मक सोच से दूर रहकर मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा कुमारी ने की. इस दौरान मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण एस. लोकेश राव, अनिल सिंह, सोमा दास गुप्ता, हिमानी साह, रूपा श्री प्रसाद और कौशिक चटर्जी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे.
वहीं कार्यक्रम में पहुंचे राजद जिला अध्यक्ष बैजू यादव ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. विद्यालय में आयोजित यह सम्मान समारोह छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा, जहां उन्हें अपनी मेहनत का सम्मान मिला और आगे बढ़ने का हौसला भी.

