चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद मंगलवार को गौरव कुमार ने चौका थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया. इससे पहले वे खरसावां थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. चौका थाना की जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही.


सोमवार को जारी तबादला एवं पदस्थापन आदेश के तहत गौरव कुमार को चौका थाना का नया प्रभारी बनाया गया था. पदभार ग्रहण करने के बाद थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनका स्वागत किया.
नए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि चौका थाना क्षेत्र में अपराधियों, अवैध कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और कानून का राज स्थापित करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी.
गौरव कुमार ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके.
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा समाज के सभी वर्गों के सहयोग से अपराध मुक्त वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा.
गौरव कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद स्थानीय लोगों में बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कानून-व्यवस्था को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं. लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ चौका थाना क्षेत्र को मिलेगा और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

