जमशेदपुर: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कार्यकर्ताओं ने खासमहल से गोविंदपुर तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की.


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खासमहल-गोविंदपुर मार्ग, विशेषकर राहरगोड़ा क्षेत्र की सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है.
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और लोगों को जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, लेकिन वर्षों से इसकी उपेक्षा की जा रही है.
जेएलकेएम नेताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क का शीघ्र निरीक्षण कराने तथा आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा.



