जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.



मृत बच्ची की पहचान भोला बागान निवासी रूही कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार रूही अपने परिवार के साथ अन्ना चौक के पास कार की धुलाई कराने पहुंची थी. इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में रूही समेत तीन लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल रूही को परिजन और स्थानीय लोग इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. वहीं रेहान और रोशन शर्मा घायल हुए हैं, जिनका इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है.

घटना के बाद बस चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया. सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के थानों को बस की जानकारी दी गई. पुलिस ने पीछा करते हुए हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को रोक लिया. पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है. चालक से पूछताछ की जा रही है.
इधर बच्ची की मौत की खबर मिलते ही अन्ना चौक और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है. हादसे के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है.





