चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के नीमडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला, जहां दो अलग- अलग सड़क हादसों में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए. इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.


पहली घटना नीमडीह थाना के समीप घटी, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में धटांड़ निवासी सूरज महतो (19) और बनडीह निवासी ठाकुरदास सिंह (19) घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 20 से 25 फीट दूर जा गिरी. सूचना मिलते ही नीमडीह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह पहुंचाया.
दूसरी घटना सामानपुर गांव के पास हुई, जहां एक इनोवा वाहन ने रामनगर निवासी बाइक सवार राजेश महतो (20) को टक्कर मार दी. घटना की सूचना पद्मलोचन सिंह ने नीमडीह पुलिस को दी. ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पद्मलोचन सिंह ने इनोवा वाहन को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

