सरायकेला: चांडिल थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि एनएच-33 स्थित पंजाबी होटल के पास वाहन जांच के दौरान दोनों संदिग्धों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया.



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी समीर अंसारी (22 वर्ष) तथा सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित गौसनगर निवासी मो. आसिफ (32 वर्ष) के रूप में हुई है. जांच में बरामद मोटरसाइकिल आजादनगर थाना क्षेत्र से चोरी की पाई गई.

इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या 93/26 दिनांक 3 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5), 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
Edited By Sarita





