चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने देर रात एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया. घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार ने कपाली ओपी में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार डांगरडीह निवासी शंकर कुम्भकार, पिता स्व. जेठु कुम्भकार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 20 फरवरी 2026 की रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनकी दुकान में लगे अल्बेस्टर तोड़कर अंदर घुस गए. चोरों ने दुकान के अंदर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और गल्ले में रखे लगभग 8 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए.

सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अल्बेस्टर टूटा हुआ पाया. इसके बाद घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. शंकर कुम्भकार ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में दो बार चोरी की घटना हो चुकी है. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है. वहीं कपाली ओपी पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

