चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के चांडिल से कांड्रा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जगह- जगह बड़े- बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण यह सड़क अब तालाब का रूप ले चुकी है. लगातार हो रही बारिश ने हालात को और भी बदतर बना दिया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत कई वर्षों से लंबित है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की अनदेखी के कारण इसकी स्थिति दिन- ब- दिन बिगड़ती जा रही है. बरसात में सड़क पर भरा पानी यातायात में बाधा डाल रहा है और गड्ढों में गिरने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है.

राहगीरों का आरोप है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. गौरतलब है कि यह सड़क चांडिल और कांड्रा के बीच मुख्य संपर्क मार्ग है, जो स्थानीय लोगों के साथ- साथ व्यापार और परिवहन के लिए भी अहम है. इसकी बदहाल स्थिति ने आम जनता को भारी परेशानी में डाल दिया है.

