चांडिल: गणेश पूजा के अवसर पर चांडिल प्रखंड के हिलिमिली बनडीह में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 टीमों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया.


प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच देना जरूरी: सविता महतो
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है. खेल युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारा और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है. प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा. उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की.
मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, धर्मु गोप, शंकर लायेक सहित आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

