चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुकोचा स्थित यदुवंशी होटल में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटों ने होटल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई. होटल में मौजूद लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.



घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायर ब्रिगेड की टीम करीब 45 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंची. तब तक स्थानीय लोगों ने पानी, बालू और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा, ताकि आग आसपास की दुकानों और भवनों तक न फैल सके.

दमकल की टीम के पहुंचने के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेज किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से होटल में रखे फर्नीचर, विद्युत उपकरण एवं अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग के विलंब से पहुंचने पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंचती तो नुकसान और कम हो सकता था. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





