चाईबासा/ Jayant Pramanik गुवा माइंस में एक दुखद और हृदयविदारक दुर्घटना घटी. जहां माइंस में कार्य के दौरान टायर में हवा भरते समय अचानक रिंग बाहर निकल जाने से एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे स्थायी कर्मचारी चरण पूर्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई. इस हादसे में दो अन्य मजदूर सोनू पात्रो और होरंगो पाठख गंभीर रूप से घायल हो गए. तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुवा से नोवामुंडी के टिस्को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फिर अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना माइंस में सुरक्षा मानकों की गंभीर समीक्षा की आवश्यकता को दोहराती है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग उठ रही है.

