चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण गुदड़ी प्रखंड और खूंटी जिले के रनिया प्रखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित जरागुटु पुलिया टूटकर धंस गई है. इस पुल के धंसने से लगभग 40 गांवों का संपर्क टूट गया है. इस मार्ग से स्कूली बच्चे भी रनिया और सोदे स्थित स्कूल जाते थे, जिससे अब उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार इस पुलिया से होकर गुदड़ी के तीन पंचायतों के ग्रामीण आवश्यक कार्यों व खरीदारी के लिए रनिया बाजार जाया करते थे. अब वैकल्पिक मार्ग के अभाव में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.
वहीं दूसरी ओर पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर से म गोइलकेरा, मनोहरपुर होते हुए उड़ीसा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर सोनुआ, झड़गांव और चांदीपोस क्षेत्र में पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. इससे यात्री व मालवाहक वाहन घंटों फंसे रहे. बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो गया है और प्रशासन की ओर से अब तक वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है.

