चाईबासा/ Jayant Pramanik पिछले कई दिनों से जिले में आतंक मचा रहे जंगली हाथी का लोकेशन वन विभाग ने ट्रेस कर लिया है. फिलहाल यह हाथी मंझगांव प्रखंड के बेनीसागर गांव में मौजूद है. हाथी को काबू में करने और खदेड़ने के लिए पश्चिम बंगाल से आई विशेष टीम सुबह से ही वन विभाग के साथ अभियान में जुटी हुई है.

वन विभाग द्वारा हाथी को ट्रैंकुलाइज करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मस्त गजराज काबू में आने का नाम नहीं ले रहा है. इसी दौरान हाथी को नियंत्रित करने की कोशिश में पश्चिम बंगाल से आई टीम का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल सदस्य को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
हाथी की मौजूदगी के कारण बेनीसागर गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है.
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज कर जंगल की ओर भेजने की कोशिश जारी है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी और तरह की जनहानि न हो. आपको बता दें कि पिछले नौ दिनों में हाथी ने अबतक 19 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है.

