चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के निश्चिंतपुर गांव में शुक्रवार की सुबह तालाब में मध्य प्रदेश के युवक का शव तैरता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अशोक नगर जिले के इसागढ़ निवासी परषोत्तम अग्रवाल (36 वर्ष) के रूप में हुई है. वह दो दिन पहले अपनी ससुराल निश्चिंतपुर आया हुआ था.

जानकारी के अनुसार शुक्रवार अहले सुबह वह शौच के लिए तालाब की ओर गया था. सुबह नहाने आए ग्रामीणों ने उसका शव तालाब में देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच में जुटी है. जानकारी के मुताबिक परषोत्तम अग्रवाल की शादी कुछ वर्ष पहले निश्चिंतपुर गाँव की सुनीता सुरीन से हुई थी और उनका एक तीन साल का बच्चा भी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई.

