
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आयरन लदे दो ट्रेलरों की आमने- सामने टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया. घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित रहा.


मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे आयरन लदा एक ट्रेलर जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे आयरन लदे ट्रेलर से उसकी आमने- सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया.
हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र स्थित अर्जुनबिला गांव निवासी चक्रधर गिरी के रूप में हुई है. वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वह किसी अन्य वाहन से इलाज के लिए चाईबासा चला गया.
दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को हटाने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मृतक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा.
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल


