बोकारो: सदर अस्पताल से एक दुखद घटना सामने आई है. अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. वीरेंद्र महतो का शव बीती रात अस्पताल परिसर में फंदे से लटका मिला. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है. हालांकि, घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने और परिजनों द्वारा साजिश की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.


जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है. अस्पताल परिसर में डॉ. वीरेंद्र महतो का शव पंखे से लटका मिलने के बाद हड़कंप मच गया. सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसे जब्त कर जांच की जा रही है.
मृतक के परिजनों ने आत्महत्या पर सवाल उठाते हुए अस्पताल परिसर में किसी साजिश की आशंका जताई है. उनका कहना है कि डॉ. वीरेंद्र महतो के जीवन में ऐसी कोई पारिवारिक समस्या नहीं थी, जिससे वे आत्महत्या जैसा कदम उठाएं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों ने यह भी नाराजगी जताई कि घटना के काफी देर बाद तक सदर अस्पताल के सिविल सर्जन और उपाधीक्षक मौके पर नहीं पहुंचे.
इधर, सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि मृतक के मोबाइल फोन से ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े कई संदेश मिले हैं. इसके अलावा घटना से कुछ घंटे पहले शाम करीब साढ़े पांच बजे मृतक ने अपनी पत्नी के बैंक खाते में 95 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए थे. पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल फोन, वित्तीय लेनदेन और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

