
बोकारो: सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2D स्थित आवास संख्या 3-023 में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां अमित कच्छप नामक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई.


मृतक के भाई अनमोल कच्छप ने बताया कि वह अपनी मां को इलाज के लिए रांची लेकर गए थे. शाम को घर लौटने के बाद जब उन्होंने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए. उनका छोटा भाई अमित कच्छप कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला. इसके बाद परिजनों ने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी.
परिजनों के अनुसार अमित पिछले करीब 10 वर्षों से लकवा (पैरालिसिस) की बीमारी से पीड़ित था. लंबे समय से बीमारी से संघर्ष करने के कारण वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीजीएच मर्चरी भेज दिया है.
सिटी थाना के एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे अमित की मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा


