
धनबाद: जिले के निरसा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक चलती महिंद्रा स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आठ महीने पुरानी स्कॉर्पियो जलकर पूरी तरह राख हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई.


घटना निरसा के पुराने थाना से लगभग 100 मीटर दूर धनबाद की ओर जाने वाली सड़क पर शाम करीब साढ़े सात बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती गाड़ी से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं. आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका.
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया. पास में खड़ी एनएच मिक्सर मशीन की टंकी से पानी निकालकर लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया. इसके बावजूद स्कॉर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी.
वाहन मालिक विराज मंडल ने बताया कि स्कॉर्पियो महज आठ महीने पहले खरीदी गई थी. कुछ दिन पहले ही वाहन की सर्विसिंग भी कराई गई थी. ऐसे में अचानक आग लगने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि आखिर आग कैसे लगी, यह समझ से परे है.
सूचना मिलने पर निरसा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. आग लगने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया. बाद में पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया.
फिलहाल पुलिस ने जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा


