चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, सोनुआ की घंटी आधारित शिक्षिका वंदना महतो (23) की मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-320डी को करीब साढ़े छह घंटे तक जाम कर दिया. प्रशासन के आश्वासन और लिखित सहमति के बाद शाम करीब 5:30 बजे जाम समाप्त हुआ.


जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर गांव निवासी वंदना महतो सोमवार सुबह अपने घर से पैदल स्कूल जा रही थीं. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह सड़क किनारे चल रही थीं. इसी दौरान शिशु विद्या मंदिर के समीप चक्रधरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोनुआ पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. दोपहर करीब 11 बजे सैकड़ों ग्रामीणों ने निश्चितपुर के पास एनएच-320डी को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण सोनुआ और चक्रधरपुर के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
सूचना मिलने पर सोनुआ थाना पुलिस, बीडीओ सोमनाथ उरांव, थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा और अंचल अधिकारी अनुज टेटे मौके पर पहुंचे. प्रशासन और ग्रामीणों के बीच लंबी वार्ता के बाद कई मांगों पर लिखित सहमति बनी, जिसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे जाम समाप्त कराया गया.
प्रशासन ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि मृतका के आश्रितों को डीएमएफटी (DMFT) फंड से 15 दिनों के भीतर 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी. शिक्षिका का लंबित मानदेय अंतिम संस्कार से पहले भुगतान किया जाएगा. परिवार के एक आश्रित को नियमानुसार सरकारी नौकरी दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा. साथ ही सड़क दुर्घटना में मिलने वाली अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया. जिला प्रशासन ने पश्चिम सिंहभूम में भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की भी बात कही.
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
मौके पर पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, अमित महतो, डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई, कारण महतो, जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रामाणिक

