बोकारो Report By Shubham Mishra पुष्पा महतो हत्याकांड को लेकर पुलिस महकमे में बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई सामने आई है. पहले जहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केवल 4 पुलिसकर्मियों के निलंबन की बात कही गई थी, वहीं देर रात बड़ा बदलाव देखने को मिला.
जानकारी के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद एसपी हरविंदर सिंह खुद पिंडाराजोरा थाना पहुंचे और पूरे मामले की दोबारा गहन जांच की.

इस दौरान थाने में दर्ज मामलों, जांच प्रक्रिया और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की विस्तृत समीक्षा की गई. रात में हुई इस इंक्वायरी के बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से बड़ी कार्रवाई की. देर रात ही प्रेस रिलीज जारी कर एक साथ 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया.
सूत्रों के अनुसार, जांच में मामले को लेकर गंभीर लापरवाही, जांच को भटकाने और आरोपी को बचाने जैसी बातें सामने आईं, जिसके बाद यह कड़ा कदम उठाया गया. इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इसे विभाग में जवाबदेही तय करने और लापरवाही पर सख्त संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है. फिलहाल मामले में विभागीय जांच जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

