जमशेदपुर: मानव सेवा और सामाजिक सरोकार के उद्देश्य से जय माता दी ग्रुप, जमशेदपुर के सौजन्य से रविवार को कीताडीह स्थित काली मंदिर परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया. रक्तदाताओं के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई.



रक्तदान शिविर का उद्घाटन अतिथियों की उपस्थिति में किया गया. इस दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति भी जागरूक किया गया. वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती. यह पूरी तरह सुरक्षित, मानवीय और समाजहित का कार्य है. उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है.
शिविर को सफल बनाने में जोगेंद्र राव, संजय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गोपी लाल कालुंडिया, जेमा कालुंडिया, मनोज मुर्मू (मुखिया), राजद नेता शेख सलाउद्दीन, बंसी गोप, मट्टालु प्रसाद राव सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सभी अतिथियों एवं आयोजकों ने रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए उनके इस मानवीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया.
आयोजकों ने बताया कि समाज में रक्त की निरंतर आवश्यकता को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की. अंत में सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





