सुपौल: बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बैरो चौक पर शुक्रवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान किशोर मुखिया के पुत्र 25 वर्षीय नीरज कुमार मुखिया उर्फ साजन के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि नीरज बैरो चौक पर पान की दुकान चलाता था. शुक्रवार की शाम स्थानीय पैक्स अध्यक्ष शंभू यादव का पुत्र आदित्य कुमार उसकी दुकान पर पहुंचा और उधार में सिगरेट की मांग की. नीरज द्वारा सिगरेट देने से इंकार करने पर आदित्य ने गुस्से में आकर उसके सीने में दो गोलियां दाग दीं. गंभीर रूप से घायल नीरज को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल सुपौल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है. स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

