वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में पुलिस और सीएपीएफ बल ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर के पास से 296 ग्राम स्मैक और दो लाख पैंसठ हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं. बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 59 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है.

इस कार्रवाई की जानकारी एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में स्मैक की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीएपीएफ बल और मजिस्ट्रेट के साथ संयुक्त छापेमारी की. छापेमारी के दौरान चंदन कुमार नामक युवक को मौके से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर का पूरा परिवार इस अवैध कारोबार में शामिल है. पूछताछ के दौरान तस्कर ने स्मैक तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं. जिनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
एसडीपीओ ने बताया कि यह सफलता पुलिस और सीएपीएफ की संयुक्त सतर्कता का परिणाम है. इस ऑपरेशन से जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट पहुंची है.

