बाढ़: अनुमंडल के पंडारक थाना अंतर्गत बड्डूपुर गांव में देर रात एक 21 वर्षीय विवाहित महिला गुड़िया देवी नामक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. फांसी लगाने से पहले उसने अपना एक सुसाइड वीडियो भी बनाया है. जिसमें उसने स्वेक्षा से आत्महत्या करने की बात कही है.



बता दें कि गुड़िया की शादी एक साल पहले ही पंडारक थाना के बड्डूपुर गांव में हुई थी. वह शेखपुरा जिले में बटोहरा गांव की रहने वाली थी. उसका पति संतोष कुमार, उम्र 24 वर्ष, मुंबई में दर्जी का काम करता है. रात में उसने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चली गई. वह देर रात तक टीवी पर सीरियल देखती रही. इसके बाद उसने अपने कमरे का दरवाजा सटा लिया और अपने मोबाइल से एक सुसाइड वीडियो बनाया. सुसाइड वीडियो में उसने बताया कि उसकी अब जीने की कोई इच्छा नहीं है. सुसाइड वीडियो में उसने परिवार में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. इसके बाद उसने कमरे में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. चार बजे सुबह जब उसकी सास ने आवाज दी, तब भी वह नहीं उठी. उसके देर तक नहीं उठने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो लोगों की आंखें फटी रह गई. वह कमरे में लगे पंखे से झूल रही थी. परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और पुलिस को फोन पर पूरी जानकारी दी. पंडारक थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी. महिला का मोबाइल चेक किया गया, तब पुलिस को सुसाइड से पहले गुड़िया द्वारा मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो सामने आया. महिला के माता- पिता को भी फोन कर जानकारी दी गई. महिला के परिजनों ने भी ससुराल वालों पर कोई आरोप नहीं लगाया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.
देखें video





