जामताड़ा/ Manish Baranwal श्रीकृष्ण गौशाला मैदान में रविवार को बचपन प्ले स्कूल, जामताड़ा का वार्षिक खेलकूद महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया. बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है. उन्होंने बचपन प्ले स्कूल द्वारा बच्चों को खेलों के माध्यम से सीखने का अवसर देने की सराहना की.

विद्यालय के डायरेक्टर चंदन परशुरामका ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ और शॉल ओढ़ाकर किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि खेलों के जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना विकसित करना है.
श्रीकृष्ण गौशाला का खुला मैदान बच्चों की खेल गतिविधियों के लिए उत्साहवर्धक साबित हुआ. खेलकूद महोत्सव के दौरान नन्हे बच्चों के लिए बिस्किट रेस, बनी रेस और दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग ड्रिल और मार्च पास्ट ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया. अभिभावकों के लिए भी आकर्षक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि चार्ल्स हेम्ब्रम के हाथों मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में अभिभावक और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय प्रबंधन की देखरेख में किया गया और राष्ट्रगान के साथ खेलकूद महोत्सव का समापन हुआ.

