चांडिल: आद्रा रेल मंडल की डीआरयूसीसी (Divisional Railway Users Consultative Committee) बैठक में डीआरयूसीसी सदस्य दिवाकर सिंह ने चांडिल और नीमडीह क्षेत्र से जुड़े रेलवे के कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए. उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई ट्रेनों के ठहराव और आधारभूत रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की.



बैठक में 68059/68060 आसनसोल- बराभूम पैसेंजर ट्रेन का चांडिल तक विस्तार करने की मांग रखी गई. इसके अलावा 28182/28181 कटिहार- टाटानगर एक्सप्रेस, 12875/12876 नीलांचल एक्सप्रेस, 18103/18104 जालियांवाला बाग एक्सप्रेस, 12375/12376 जसीडीह- तांबरम एक्सप्रेस, 18009/18010 संतरागाछी- अजमेर एक्सप्रेस, 22843/22844 पटना- बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा शनिवार को चक्रधरपुर से चांडिल होकर गुजरने वाली 20817/20818 भुवनेश्वर- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के चांडिल स्टेशन पर ठहराव की मांग भी उठाई गई.

बैठक में नीमडीह रेलवे स्टेशन के समीप फाटक संख्या JC-50 पर ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी रखा गया. इस पर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के साथ संयुक्त सर्वे पूरा हो चुका है और एनओसी मिलते ही ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
इसके अलावा पितकी और जामडीह में अंडरपास निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों ने बताया कि बारिश समाप्त होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
बैठक में आद्रा मंडल के डीआरएम मुकेश गुप्ता, एडीआरएम (इन्फ्रा) अमित कंचन, सीनियर डीसीएम विकास कुमार, सीनियर डीएन (कोऑर्डिनेशन) रमेश सिंह, सोमनाथ घोष सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और डीआरयूसीसी के सदस्य उपस्थित रहे.





