सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 23 से सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. अब तक दूसरों को चुनाव जिताने में सक्रिय रहने वाले प्रवीण सिंह इस बार खुद मैदान में उतर गए हैं.

चुनिंदा समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ सादगीपूर्ण तरीके से नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रवीण सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे वार्ड 23 के समग्र विकास के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि नगर निगम कार्यालय वार्ड 23 में ही स्थित है, इसके बावजूद वार्ड में गंदगी की समस्या गंभीर है. एक भी पार्क नहीं है, सामुदायिक भवन का संचालन सही ढंग से नहीं हो रहा है और घर-घर जलापूर्ति योजना अधर में लटकी हुई है.
उन्होंने कहा कि इन बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर ही वे जनता के बीच जा रहे हैं.
जनता ने साथ दिया तो हर वादा पूरा किया जाएगा. इधर इस वार्ड में मुकाबला रोचक होता दिख रहा है. निवर्तमान पार्षद जूली महतो, अवधेश सिंह समेत कई दिग्गज पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं. ऐसे में अब सबकी नजर वार्ड 23 की जनता के जनादेश पर टिकी है.

