आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवार को स्थानीय लोगों ने सतर्कता का परिचय देते हुए दो युवकों को रंगेहाथ पकड़ लिया. मामला जयप्रकाश उद्यान का है, जहां कुछ युवक बिजली के पोल को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार युवक मिलकर पार्क परिसर में लगे बिजली के पोल को काट रहे थे. इसी दौरान आसपास के लोगों की नजर उन पर पड़ गई.
स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो मौके पर अफरा- तफरी मच गई. लोगों को अपनी ओर आते देख चारों युवक भागने लगे, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने पीछा कर दो युवकों को धर दबोचा. जबकि उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे.
घटना की सूचना तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. कभी बिजली के तार, तो कभी लोहे के सामान और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है. लोगों का आरोप है कि बार- बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद असामाजिक तत्वों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पकड़े गए युवक किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं.
Edited By Sarita Mahato

