आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित अर्थ एनक्लेव के निवासियों और फ्लैट मालिकों की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही शिकायतों के मामले में आरआईटी थाना में बिल्डर समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय अग्रवाल, M/s Green Vatika Constructions Pvt. Ltd., राजेश अग्रवाल, सुमिता अग्रवाल, सोनम अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, ऋषभ सिंह, शीतल खुल्लर एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को मामले में आरोपी बनाया गया है.


प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2), 318(4) एवं 3(5) के तहत दर्ज की गई है. निवासी 2 अगस्त 2026 से इस मामले को लेकर सोसायटीवासी लगातार विभिन्न स्तरों पर शिकायत और पत्राचार कर रहे थे.
कब्जा मिला, मगर सुविधाएं अधूरी होने का आरोप
निवासियों का आरोप है कि फ्लैटों का कब्जा दिए जाने के बावजूद बिक्री विलेख एवं संबंधित दस्तावेजों में उल्लेखित कई आवश्यक सुविधाएं अब तक पूरी नहीं की गई हैं. निर्माण की गुणवत्ता, खुले लिफ्ट शाफ्ट, कमजोर चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं.
निवासियों का यह भी दावा है कि परियोजना का विधिवत हैंडओवर अब तक उन्हें नहीं किया गया है. इन्हीं समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार शिकायतें और अभ्यावेदन दिए गए थे.
अब पुलिस जांच पर निगाह
एफआईआर दर्ज होने के बाद अब निवासियों की निगाह पुलिस की जांच पर टिकी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले से जुड़े दस्तावेजों, निर्माण एवं सुविधाओं से संबंधित दावों और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है.

