सरायकेला: जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. आदित्यपुर नगर निगम के निवर्तमान मेयर और वार्ड 28 निवासी भाजपा नेता विनोद कुमार श्रीवास्तव के आवास पर पार्टी (बीजेपी) का झंडा लगा होने से चुनावी माहौल में चर्चा तेज हो गई है.

बताया जा रहा है कि उनके परिवार से दो सदस्य वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं. उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव वार्ड 29 से और पुत्रवधु अमृता श्रीवास्तव वार्ड 28 से प्रत्याशी हैं. ऐसे में उनके आवास पर भाजपा का झंडा लगा होना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है या नहीं, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार झारखंड में हो रहे निकाय चुनाव पार्टी आधारित नहीं हैं. इसके बावजूद प्रत्याशी के आवास पर पार्टी का झंडा लगा रहना नियमों के दायरे में आता है या नहीं, इस पर प्रशासनिक स्तर पर स्पष्टता नहीं दिख रही है.
इस संबंध में पूछे जाने पर गम्हरिया प्रखंड के लिए बनाए गए नोडल पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि इस मामले को लेकर कोई स्पष्ट गाइडलाइन उनके संज्ञान में नहीं है. वहीं थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने नियमावली की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है.
इधर स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चा तेज है और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन तथा अधिकारियों की गंभीरता पर सवाल उठाए जा रहे हैं. चुनावी माहौल में आचार संहिता के पालन को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी निगाहें टिकी हुई हैं.

