धनबाद: कोयलांचल में एक बार फिर बड़ा भू-धसान हुआ है. कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार को अचानक जमीन धंसने से एक दो मंजिला मकान समेत एक दर्जन से अधिक घर जमींदोज हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार. खदान में ब्लास्टिंग के कुछ ही देर बाद इलाके में तेज कंपन महसूस हुआ. इसके बाद जमीन फटने लगी और कई मकान देखते ही देखते धंस गए. अचानक हुए हादसे से इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे.

स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और धंसे हुए घरों से लोगों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस. बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने आरोप लगाया कि खदानों में लगातार हो रही ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने बीसीसीएल और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की.

फिलहाल प्रशासन पूरे इलाके का आकलन कर रहा है कि भू-धसान का दायरा कितना बड़ा है और कितने घर इसकी चपेट में आए हैं. इस घटना ने एक बार फिर धनबाद के खनन प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





