आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन और निगम प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है मगर इस साल भी आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 34 के बाबाकुटी के व्रतियों और श्रद्धालुओं को निराशा हाथ लगने वाली है. जिला प्रशासन इस साल भी बाबाकुटी छठ घाट को डेंजर जोन घोषित करने जा रही है. क्योंकि जिला प्रशासन और निगम प्रशासन ने इस घाट को लेकर कभी दिलचस्पी नहीं दिखाई और यहां के लोगो के जानभावना का सम्मान नहीं किया.


आपको बता दें कि पांच साल पूर्व 65 लाख की लागत से बाबाकुटी में छठ घाट का निर्माण किया गया था. हैरानी की बात यह है कि छठ घाट बगैर उद्घाटन के ही धराशाई हो गया. तत्कालीन उपायुक्त अरवा राजकमल ने इसके जांच के आदेश दिए थे. मगर ना तो जांच हुई ना ही छठ घाट को लेकर निगम प्रशासन ने गंभीरता दिखाई. संवेदक को काली सूची में डालकर खानापूर्ति कर दिया गया, मगर जनता के पैसों से बना छठ घाट भ्रष्टाचार की भेंट पर चढ़ गया इसको लेकर किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई. हर साल जिला प्रशासन लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर उक्त घाट को डेंजर जोन घोषित कर अपना पल्ला झाड़ लेती है. मगर, इसके गुनहगारों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करती है. इसको लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

बता दे कि केवल छठ पर्व के मौके पर ही नहीं बल्कि सालों भर इस घाट का आम लोग खासकर जनजातीय समुदाय के लोग दिनचर्या का प्रयोग करते हैं. इस साल सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा ने पहल करते हुए सीआईडी जांच की मांग की है. मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा है कि जल्द ही गृह सचिव और विभागीय सचिव से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा और सीआईडी जांच की मांग की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
