आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला जिले के आदित्यपुर कॉलोनी निवासी अनिल वर्मा का शनिवार तड़के 63 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उनके निधन की खबर फैलते ही कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई. मृदुभाषी, मिलनसार स्वभाव और कुशल फार्मासिस्ट के रूप में पहचान रखने वाले अनिल वर्मा समुदाय के बीच अत्यंत प्रिय थे.

स्वर्गीय अनिल वर्मा अपने पीछे पत्नी तथा दो डॉक्टर पुत्र — डॉ कुणाल वर्मा (डेंटिस्ट) और डॉ केतन वर्मा (एमबीबीएस) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. वे आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 4 स्थित कुणाल मेडिकल रिलीफ सेंटर के संचालक थे. कॉलोनीवासियों की छोटी-मोटी बीमारियों में वे स्वयं दवा देकर तुरंत राहत प्रदान करने के लिए जाने जाते थे. उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन दोनों बेटों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में समर्पित कर दिया.
उनके निधन पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह, सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश, प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह, नगर निगम वार्ड 17 की निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा, परिमल के संस्थापक सुबोध शरण, सामाजिक कार्यकर्ता शारदा देवी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेशधारी, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अशोक कुमार, डॉ नकुल प्रसाद चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की.
सभी ने कहा कि अनिल वर्मा का निधन कॉलोनी के लिए अपूरणीय क्षति है. सभी ने कहा दिवंगत अनिल वर्मा के दोनों पुत्रों ने अपने बीमार पिता की देखभाल में कोई कोर- कसर नहीं छोड़ा मगर नियती के आगे उनकी एक न चली. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.

