आदित्यपुर: दीपावली को लेकर एक तरफ पुलिस सड़कों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद है, वहीं दूसरी तरफ रिहायशी इलाकों में ठगी करने वाले भी सक्रिय नजर आ रहे हैं. रविवार को आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क के समीप साधु के वेश में घूम रहे दो लोगों द्वारा एक व्यक्ति की जेब से कथित रूप से रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है.


घटना रविवार सुबह करीब 10:50 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार साधु के वेश में दो व्यक्ति हाथों में सांप की टोकरी लेकर इलाके में घूम रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को रोककर सांप दिखाना शुरू किया.
आशीर्वाद देने के बहाने जेब में हाथ डालने का आरोप
आरोप है कि बातचीत और आशीर्वाद देने के दौरान साधु के वेश में मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक सामने वाले की जेब में हाथ डालकर रुपये निकाल लिए. इसके बाद दोनों वहां से निकल गए. जब तक संबंधित व्यक्ति को रुपये गायब होने का एहसास हुआ, दोनों काफी दूर जा चुके थे.
बताया जा रहा है कि घटनाक्रम CCTV में रिकॉर्ड हुआ है. हालांकि संबंधित व्यक्ति की ओर से आदित्यपुर थाना में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए रुपये की रकम और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है.
धार्मिक वेशभूषा देखकर न करें आंख मूंदकर भरोसा
घटना में कथित आरोपियों की वेशभूषा के आधार पर किसी धार्मिक समुदाय या वास्तविक साधु-संतों को इससे जोड़ना उचित नहीं होगा. लेकिन धार्मिक वेशभूषा का इस्तेमाल कर ठगी करने वाले तत्वों से सतर्क रहने की जरूरत जरूर है. दीपावली की भीड़ के बीच पुलिस भी लोगों से अनजान व्यक्तियों को घर अथवा सोसायटी में प्रवेश देने से पहले सतर्क रहने, कीमती सामान सुरक्षित रखने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील कर रही है. हालांकि मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सक्रिय हुए और दोनों साधुओं को पकड़ लिया साधुओं ने पैसे छीनने से इंकार किया और खुशी से लेने की बात कही. थाना प्रभारी ने दोनों को इलाके से बाहर निकलने का निर्देश दिया.

