
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-17 स्थित प्रभात पार्क के समीप से शुक्रवार सुबह लापता हुए 79 वर्षीय कामेश्वर उपाध्याय शनिवार को सकुशल मिल गए. उन्हें कल्पनापुरी क्षेत्र में भटकते हुए स्थानीय लोगों ने देखा और इसकी सूचना वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा को दी. सूचना मिलते ही पार्षद ने तत्काल बुजुर्ग के परिजनों से संपर्क किया.


जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कामेश्वर उपाध्याय को सकुशल देखकर राहत की सांस ली. उनकी सकुशल वापसी से परिवार की चिंता दूर हो गई और घर में खुशी का माहौल बन गया.
बताया गया कि कामेश्वर उपाध्याय जमशेदपुर के बागबेड़ा भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष धनंजय उपाध्याय के पिता हैं. शुक्रवार सुबह वे रोज की तरह काली मंदिर में पूजा के लिए फूल तोड़ने और मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी थी.
कामेश्वर उपाध्याय अपने छोटे पुत्र संजय उपाध्याय के साथ प्रभात पार्क के समीप किराये के मकान में रहते हैं. उनकी सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली. परिजनों ने वार्ड पार्षद नीतू शर्मा, स्थानीय लोगों, पुलिस प्रशासन और उन सभी लोगों का आभार जताया जिन्होंने उनकी तलाश में सहयोग किया.
Edited By Sarita






