लोहरदगा: लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने गुमला की निशा भगत की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की.


सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो या किसी भी विचारधारा को मानने वाला हो, उसकी असामयिक मृत्यु हमेशा दुखद होती है. उन्होंने बताया कि वह निशा भगत को व्यक्तिगत रूप से जानते थे और उनके परिवार से भी परिचित हैं. उन्होंने कहा कि निशा भगत गुमला की रहने वाली थीं और उनके पूरे परिवार को वह जानते हैं. इस घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है.
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.
सांसद ने मामले की जांच को लेकर कहा कि पुलिस ने फिलहाल अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना को राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय राजनीति से ऊपर उठकर परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए.
उन्होंने निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके.

