जमशेदपुर/परसुडीह: धनतेरस के अवसर पर जमशेदपुर के परसुडीह बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही बाजार में रौनक देखने को मिली. धनतेरस की खरीदारी को लेकर बाजार की विभिन्न दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रही. खासकर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, आभूषणों, बर्तनों, खोई, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही.


दुकानदार अजय यादव ने बताया कि धनतेरस को लेकर बाजार में अच्छी चहल-पहल देखने को मिल रही है. लोग अपनी जरूरत और परंपरा के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं. त्योहार को लेकर व्यापारियों में भी खासा उत्साह है.
इधर, धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए परसुडीह थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई. इसी क्रम में परसुडीह थाना प्रभारी राजेश कुमार मुंडा के नेतृत्व में पुलिस बल ने बाजार क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला. पुलिस टीम ने परसुडीह बाजार हाट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने आभूषण व्यापारियों सहित अन्य दुकानदारों से मुलाकात कर बाजार की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली. उन्होंने दुकानदारों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, दुकानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने तथा सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने की सलाह दी. साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
थाना प्रभारी राजेश कुमार मुंडा ने क्षेत्र के सभी नागरिकों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं. उन्होंने कहा कि बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि धनतेरस एवं दीपावली के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए परसुडीह थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
धनतेरस की रौनक और बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़ के बीच परसुडीह पुलिस की सक्रियता से दुकानदारों एवं आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

