जामताड़ा: भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को नाला विधानसभा क्षेत्र के विंदापाथर मंडल अंतर्गत खमारबाद गांव में प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी आयोजित की गई. भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में दूसरे दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के चार कार्यकर्ता भी शामिल बताए गए.


इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि दूसरे दलों को छोड़कर युवाओं का भाजपा से जुड़ना इस बात का संकेत है कि अब उन्हें भी अपने सम्मान और भविष्य की चिंता है. युवाओं को यह विश्वास हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ही उन्हें उचित सम्मान और अवसर दे सकती है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के चेहरे के बजाय बूथ और शक्ति केंद्रों पर खड़े समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ती है और जीत हासिल करती है. आने वाले चुनाव में यही युवा कार्यकर्ता नाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का आधार बनेंगे.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय भीड़तंत्र को बढ़ावा देकर झूठे मुद्दों के सहारे अराजकता की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत की जनता लोकतंत्र में विश्वास करती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करने वालों को ही सत्ता सौंपती है.
वहीं, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि सम्मेलन में शामिल कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों के उत्साह को देखकर यह स्पष्ट है कि भाजपा आने वाले चुनाव में नाला विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन करेगी. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर दूसरे दलों के कार्यकर्ता लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं और आने वाले दिनों में यह सिलसिला और तेज होगा.
कार्यक्रम में भाजपा नेता विष्णु मंडल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णचंद्र महतो, दिलीप हेंब्रम, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, अबीता हांसदा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, अमित सिंह, सूरज झा, गोपाल महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

