जमशेदपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सराफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने बुधवार को जमशेदपुर के जुगसलाई में छापेमारी कर करीब एक किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई में लूट के जेवरात खरीदने के आरोप में जुगसलाई निवासी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है.


जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ पुलिस लूटकांड में पूर्व से गिरफ्तार एक आरोपी को लेकर जुगसलाई पहुंची थी. उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर चांदी के जेवरात बरामद किए गए. पुलिस दोनों आरोपियों को तीन दिनों की रिमांड पर लेकर छत्तीसगढ़ ले जाने की तैयारी कर रही है.
बताया जाता है कि 27 अक्टूबर को कबीरधाम जिले के पांडातराई निवासी सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के मछरीरेवार मंदिर घाटी से गुजर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर डंडे से मारपीट की और चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए.
घटना के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उनकी निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 1500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक बरामद की गई थी. जांच के दौरान लूट के जेवरात का तार जमशेदपुर के जुगसलाई से जुड़ने पर पुलिस ने यहां छापेमारी की. मामले में आगे की जांच जारी है.

