खूंटी: जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है. मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.


पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 5:50 बजे दो नाबालिग लड़कियों ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. पीड़िताओं के बयान के अनुसार, आरोपियों ने घर पहुंचाने के बहाने उन्हें मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव स्थित बाड़ेड़ीह टोला के विभिन्न स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया. घटना के बाद एक अन्य नाबालिग लड़की को खूंटी में छोड़ दिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी ने पीड़िता का बयान दर्ज कर महिला थाना कांड संख्या 18/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65, 61, 126(2), 3(5) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की.
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना और मारंगहादा थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19 वर्ष) और मनीष लोहरा (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया. वहीं, एक विधि-विरुद्ध किशोर को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद करने की भी जानकारी दी है.
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी पिंगु और प्रभुसहाय की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. जांच के दौरान एक स्कूटी, दो केटीएम बाइक, तीन मोबाइल फोन और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं.
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुमेश कुमार, खूंटी थाना के कुंदन कुमार सहित महिला थाना एवं मारंगहादा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

