जामताड़ा: जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया. अधीक्षक उत्पाद कुंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नारायणपुर थाना क्षेत्र के नयाडीह में अवैध रूप से संचालित पचवाई शराब निर्माण के अड्डे पर छापेमारी की गई. यहां शराब बनाने के लिए बनाई गई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया गया. मौके से मिट्टी के करीब 100 घड़ों में चावल से तैयार की गई पचवाई शराब बरामद की गई.


इसके अलावा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह एवं केंदुआडीह में भी अवैध रूप से संचालित पचवाई शराब निर्माण के अड्डों पर छापेमारी की गई. संयुक्त टीम ने इन स्थानों पर शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भट्ठियों और अन्य व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
छापेमारी के दौरान दो आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान कथित अवैध शराब कारोबार से जुड़े विकास मंडल और आदित्य मंडल छापेमारी दल को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे. दोनों की तलाश की जा रही है. उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण के अड्डों को नष्ट कर इस कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई की.
अवैध शराब कारोबार पर विभाग की नजर
उत्पाद अधीक्षक कुंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में की गई इस संयुक्त कार्रवाई को जिले में अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक तरीके से चावल से पचवाई शराब तैयार करने के लिए बनाए गए अड्डों पर विभाग की नजर है. विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है. अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अड्डों के विरुद्ध छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

