जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ परसुडीह थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनडीह लाइन टोला निवासी धानो हांसदा और मानगो निवासी सकिल अहमद के रूप में हुई है. वहीं, दुबराज किस्कू नामक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.


डीएसपी लॉ एंड आर्डर सुमित कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 3 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि श्यामा प्रसाद कॉलेज के पीछे मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना पर गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो युवकों को दबोच लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया. तलाशी के दौरान 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई.
डीएसपी ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी सनत टुडू के बयान पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

