आदित्यपुर: थाना क्षेत्र अंतर्गत राममड़ैया बस्ती की रहने वाली माधुरी मछुआ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मंगलवार देर रात महिला को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


माधुरी का मायका पश्चिम सिंहभूम जिले में बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार करीब तीन साल पहले उसने गणपत मछुआ से प्रेम विवाह किया था. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही माधुरी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था. हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच और ससुराल पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मायके वालों का आरोप है कि माधुरी की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने की बात भी सामने आ रही है.
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाने से पहले क्या घटनाक्रम हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी अभी सामने नहीं आया है. माधुरी की मौत से मायके पक्ष में मातम पसरा है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की मांग की है.

